हरिद्वार , मार्च 10 -- उत्तराखंड में हरिद्वार राजमार्ग पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने चिंता जताते हुए मंगलवार को जिला प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद हरविंद्र सिंह के साथ मिलकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन दिया।

जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में श्री सेठी ने बताया कि राजमार्ग पर तेज रफ्तार, रांग साइड से चलने वाले वाहन, पथ प्रकाश की कमी और अनावश्यक कट जैसी कमियों के कारण दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं की ओर हाइवे अथॉरिटी, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने विशेष रूप से चीला बैराज मार्ग से भीमगोड़ा पार्किंग, सर्वानंद घाट, नए रानीपुर से सिंहद्वार कनखल पुलिया और ज्वालापुर रेल पुल के नीचे गुरुकुल से सिंहद्वार अंडरपास तक साइड रोड पर रांग साइड चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही फ्लाइओवरों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरे, रिफ्लेक्टर और स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने तथा चालानात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने की भी बात कही।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि राजमार्ग पर मनमाने ढंग से बनाए गए अनावश्यक कट बंद किए जाएं और जहां आवश्यक हो वहां उचित दूरी के साथ डिवाइडर लगाए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित