मुरादाबाद , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत हरिद्वार-मोतीचूर रेलखंड पर शनिवार को तेज आंधी-तूफान के कारण एक विशालकाय पेड़ ओवरहेड विद्युत तार (ओएचई) और रेलवे ट्रैक पर गिर गया, जिससे रेल यातायात बाधित हो गया। रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम की तत्परता से क्षतिग्रस्त ट्रैक और ओएचई को रिकॉर्ड समय में दुरुस्त कर रेल संचालन बहाल कर दिया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि शनिवार अपराह्न लगभग 3:40 बजे हरिद्वार-मोतीचूर रेलखंड के किलोमीटर संख्या 30/11-12 के बीच तेज तूफान के दौरान एक भारी वृक्ष रेलवे ट्रैक और विद्युत तारों पर गिर गया, जिससे इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कंट्रोल रूम से स्थिति की निगरानी करते हुए परिचालन, विद्युत और इंजीनियरिंग विभागों को तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीम और टावर वैगन को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया।

उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित प्रयास करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया। इसके परिणामस्वरूप शाम 4:40 बजे तक रेल ट्रैक को सुरक्षित संचालन के लिए फिट घोषित कर दिया गया, जबकि शाम 7:10 बजे तक ओएचई की मरम्मत पूरी कर विद्युत ट्रेनों का सामान्य परिचालन भी बहाल कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित अवधि में कुछ ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित किया। इनमें गाड़ी संख्या 22546 देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य प्रमुख ट्रेनें शामिल थीं, जिन्हें ट्रैक साफ होने के बाद पुनर्निर्धारित समयानुसार रवाना किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने राहत एवं मरम्मत कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षित और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करना भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित