हरिद्वार , सितंबर 14 -- उत्तराखंड में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से 16 सितंबर को जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा। मेले में हरिद्वार क्षेत्र की करीब सात-आठ औद्योगिक इकाइयों के शामिल होने की संभावना है।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में करीब 400 रिक्तियों पर युवाओं को रोजगार का अवसर मिल सकता है। रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, प्लंबर, स्नातक एवं परास्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को मेले में बायोडाटा की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र और सेवायोजन प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित