हरिद्वार , अक्टूबर 07 -- उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा (प्रवक्ता संवर्ग समूह 'ग') सेवा, सामान्य एवं महिला शाखा विषयवार लिखित परीक्षा-2025 आगामी 11 अक्टूबर को हरिद्वार नगर क्षेत्र के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार हर गिरी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा भवन उत्तराखंड लोक सेवा आयोग हरिद्वार, पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज ज्वालापुर, ज्वालापुर इंटर कॉलेज तथा एसवीएम इंटर कॉलेज मायापुर में दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बिना सक्षम अनुमति के पांच या उससे अधिक लोगों के समूह में एकत्र होने, सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन तथा ऐसा कोई भी कार्य करने पर रोक लगाई है, जिससे कानून-व्यवस्था अथवा सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है। निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण पर भी प्रतिबंध रहेगा।
निषेधाज्ञा क्षेत्र में लाठी, चाकू, तलवार, भाला, आग्नेयास्त्र, विस्फोटक पदार्थ, तेजाब अथवा पेट्रोल जैसी सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों और पुलिस बल के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित