हरिद्वार , जून, 16 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। अनुमानित 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण विभिन्न घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्र हो गया लेकिन नगर निगम हरिद्वार ने पूरी रात विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर मंगलवार सुबह होने से पहले ही शहर को पुनः स्वच्छ और व्यवस्थित बना दिया।
पुलिस प्रशासन से सफाई वाहनों के संचालन की अनुमति मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने सोमवार रात करीब नौ बजे से अभियान शुरू किया। विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट, मालवीय घाट समेत सभी प्रमुख स्नान स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मचारियों ने रातभर लगातार कार्य करते हुए घाटों और मार्गों से कूड़ा एकत्र किया।
नगर निगम के अनुसार अभियान के दौरान करीब 90 ट्रैक्टर कूड़ा हटाकर उसका निस्तारण किया गया। रात्रि चार बजे तक सभी प्रमुख घाटों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पूरी कर ली गई। इसके चलते स्नान पर्व के बाद भी शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सामान्य बनी रही।
स्वच्छता अभियान की निगरानी स्वयं नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने की। वह देर रात लगभग दो बजे विभिन्न घाटों पर पहुंचे और सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित