हरिद्वार, अप्रैल 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर लोगों को आकर्षित करने को लेकर दो पक्षों की महिलाओं के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस ने रविवार को पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत की गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली नगर पुलिस की टीम शिवमूर्ति चौक-रेलवे गेट क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस ने देखा कि दो पक्षों की महिलाएं आपस में गाली-गलौच और मारपीट कर रही थीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जो बाद में झगड़े में बदल गया। शांति भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने पांचों महिलाओं को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उप निरीक्षक ऋषिकांत पतवाल, महिला उप निरीक्षक अनीता शर्मा, महिला हेड कांस्टेबल शारदा राठी, महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा और कांस्टेबल अर्जुन सिंह शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित