हरिद्वार, अक्टूबर, 30 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिला प्रशासन ने आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को जनपद में निर्वाचन से जुड़ी 29 व्यवस्थाओं के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए अधिकारियों को उनके दायित्व भी सौंप दिए गए हैं।

निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में की गई इस व्यवस्था के तहत मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन व्यय की निगरानी सहित सभी महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।

डीएम मयूर दीक्षित ने मतदान एवं मतगणना कार्मिक व्यवस्था के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं प्रशिक्षण व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अभिषेक शुक्ला को सौंपी गई है। मतदान केंद्रों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं के लिए एडीएम वैभव गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है।

ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के प्रबंधन के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं ईवीएम-वीवीपैट के प्रशिक्षण और मतदान केंद्रों पर प्रदर्शन की जिम्मेदारी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हरिद्वार के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर पाण्डेय को दी गई है।

मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) की जिम्मेदारी सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र संभालेंगे। निर्वाचन परिवहन एवं यातायात व्यवस्था के लिए एडीएम वैभव गुप्ता और समस्त रिटर्निंग अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष, हेल्पलाइन एवं शिकायत निवारण प्रणाली, डाक मतपत्र, निर्वाचन सामग्री, वीडियोग्राफी और जीपीएस ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाओं के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

निर्वाचन के दौरान आदर्श आचार संहिता के अनुपालन की निगरानी के लिए नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं निर्वाचन व्यय की निगरानी वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार करेंगे। मीडिया एवं सूचना व्यवस्था की जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह को सौंपी गई है। इसके अलावा मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी), आईटी एप्लीकेशन, मतदाता सूची, आबकारी एवं मदिरा निगरानी, कानून व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान के लिए भी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।

दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा, मतदान कार्मिकों के कल्याण, कम्युनिकेशन एवं लॉजिस्टिक प्लान और माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इस तरह निर्वाचन से संबंधित सभी 29 कार्यों के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था बनाई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित