हरिद्वार , जून 17 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में झबरेड़ा पुलिस ने बुधवार को वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर और उसके किशोर साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, झबरेड़ा थाने में 15 जून को सालियर निवासी अबुजर पुत्र तुजम्मिल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक तथा उपनिरीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मंगलवार को इकबालपुर-कुंजा रोड स्थित सुनहेटी गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने रवि पुत्र राजा निवासी ननहेड़ा अनंतपुर, थाना भगवानपुर और उसके एक विधि-विवादित किशोर साथी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में झबरेड़ा और भगवानपुर थाना क्षेत्रों से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है, किशोर के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में भी अन्य जानकारियां जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित