हरिद्वार , अप्रैल 03 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद के जमालपुर चौक के पास शुक्रवार को एक लड़की के साथ मारपीट करने एवं उसका मोबाइल फोन छीनकर जान से मारने की धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी सुजेश ने वंशराज वर्मा की पुत्री के साथ मारपीट की एवं उसका मोबाइल फोन छीनकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने तुरंत चौकी गैस प्लांट, कोतवाली रानीपुर को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लड़की से उसके मोबाइल नंबर के जरिए सुजेश की लोकेशन ट्रैक की और उसका पीछा किया। पीछा करने पर पुलिस को पता चला कि सुजेश बहादराबाद क्षेत्र के इंडियन वोटिंग प्लांट गैस प्लांट के पास बाउंड्री के पीछे खाली मैदान में पहुंच गया, जहां उसने अपने पास रखी पिस्टल से कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके से पिस्टल और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित