हरिद्वार, अप्रैल 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बुधवार को अपर रोड, मां मनसा देवी उड़न खटोला मार्ग तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे अपनी दुकानें नाली के बाहर या फुटपाथ पर न लगाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उड़न खटोला टिकट घर के आसपास संचालित कुछ दुकानों को मौके पर ही हटाया गया। प्रशासन ने उड़न खटोला प्रबंधन को निर्देशित किया कि टिकट घर और मार्ग के आसपास किसी भी प्रकार की दुकान संचालित न होने दी जाए। भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा अपर रोड पर चल रहे सीवरेज कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित