हरिद्वार , मई 16 -- समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के पुत्र और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में विसर्जन किया गया।
प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में आकस्मिक निधन हो गया था। आज उनकी पत्नी अपर्णा यादव, पुत्रियां प्रथमा और पद्मजा, अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट तथा भाई अमन सिंह बिष्ट अस्थि कलश लेकर जॉलीग्रांट पहुंचे, जहां से परिवार हरिद्वार पहुंचा।
वीआईपी घाट पर तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन और पिंडदान की प्रक्रिया संपन्न कराई। इसके बाद परिवारजनों ने मां गंगा में अस्थियां प्रवाहित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अस्थि विसर्जन के दौरान योगगुरु बाबा रामदेव भी मौजूद रहे। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के समर्थकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और सभी ने प्रतीक यादव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित