हरिद्वार , मई 08 -- उत्तराखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार को चंद्रशेखर चौक पर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री वीना आनंद की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है लेकिन भाजपा सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर "छोटी मानसिकता" रखती है, इसी के प्रतीक स्वरूप छोटा पुतला दहन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित