हरिद्वार , नवंबर, 7 -- उत्तराखंड में त्योहारी सीजन में यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने और वाहनों में ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है।
हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शनिवार तड़के चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा सहित यात्री वाहनों के कुल 45 चालान काटे गये।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के साथ ही मनमानी किराया वसूली पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी ने विभिन्न यात्री वाहनों की जांच की। इस दौरान ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली, परमिट शर्तों के उल्लंघन समेत अन्य मामलों में कार्रवाई की गई।
तलाशी अभियान के दौरान वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की गई। उन्हें यात्रियों की बढ़ती आवाजाही का अनुचित लाभ न उठाने, निर्धारित किराया व यात्री क्षमता का पालन करने और यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने सुरक्षित वाहन संचालन को लेकर भी चालकों को जागरूक किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित