हरिद्वार , मई 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत भगवानपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए एक युवक को 14.80 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के नेतृत्व में जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को चेकिंग अभियान के दौरान हल्लू मजरा चौक से आगे खेतों की ओर जाने वाले चक रोड के पास एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 14.80 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान शहजाद पुत्र इशाक निवासी ग्राम सिकरोड़ा, थाना भगवानपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील पंत, हेड कांस्टेबल मनीष तथा कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित