हरिद्वार , फ़रवरी 26 -- उत्तराखंड के हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में ज्वालापुर निवासी एक मुस्लिम फेरीवाले के साथ कथित रूप से धार्मिक आधार पर अभद्रता और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वालापुर के कस्साबान निवासी शान मोहम्मद फेरी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आरोप है कि कनखल क्षेत्र में सामान बेचते समय एक युवक ने उन्हें रोककर नाम-पता पूछा। नाम बताने पर युवक ने कथित तौर पर स्वयं को एक हिंदूवादी संगठन से जुड़ा बताते हुए गाली-गलौच की और क्षेत्र से तुरंत चले जाने की धमकी दी।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक फेरीवाले के साथ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते और धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ज्वालापुर क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय में रोष व्याप्त है। कुछ स्थानीय युवक पीड़ित के साथ कनखल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर सौंपी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित