हरिद्वार , मई 28 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को उपजिलाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के दायित्वों में आंशिक बदलाव किए हैं।

जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

शासन के निर्देशों के क्रम में स्थानांतरित हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान को अपर जिलाधिकारी पौड़ी के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर उपजिलाधिकारी पद से पदोन्नत हुए जितेंद्र कुमार ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन का पदभार ग्रहण कर लिया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार उप कलेक्टर मुख्यालय हरगिरि को नगर मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। साथ ही उन्हें अपर उप जिलाधिकारी रुड़की के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

वहीं उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी को अपर उप जिलाधिकारी रुड़की का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा देहरादून से स्थानांतरित होकर आए योगेश सिंह मेहरा को उप जिलाधिकारी हरिद्वार नियुक्त किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह फेरबदल किया गया है तथा सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित