हरिद्वार , जून 17 -- केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड के हरिद्वार में 17 जून से 20 जून तक विशेष जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को शिविरों की तिथियां निर्धारित करते हुए संबंधित अधिकारियों को सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों तथा विकास खंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
श्री दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों में आने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए समयबद्ध रिपोर्ट एवं फोटोग्राफ उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित