हरिद्वार , सितंबर 12 -- उत्तराखंड में हरिद्वार शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में दूसरे दिन शनिवार को भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक अभियान चलाकर सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया।

प्रशासनिक टीम के पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार और अन्य अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटकर मौके से हटने लगे, जबकि निर्धारित स्थान से आगे तक किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने सख्ती के साथ हटाया। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर दोबारा कब्जा करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन के अनुसार आगामी कुंभ मेले को देखते हुए हरिद्वार शहर में यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक आवागमन को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमणमुक्त रखने के साथ ही श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की टीमें मौजूद रहीं। प्रशासन की लगातार कार्रवाई से शहर में सड़क और फुटपाथ घेरकर कारोबार करने वालों में खलबली मची हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित