हरिद्वार , मई, 30 -- चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार स्थित पंजीकरण केंद्र का शनिवार सुबह उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया और व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने पाया कि केंद्र पर लगाए गए कई पंखे बंद पड़े थे, पेयजल व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी तथा शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी। इन अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त की जाएं। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण कराने के लिए इन दिनों देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। पंजीकरण केंद्र पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। केंद्र पर तैनात अधिकारी यात्रियों को पंजीकरण प्रक्रिया एवं यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश भी देते नजर आए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पंजीकरण के बाद हरिद्वार में गंगा स्नान और गंगा आरती का लाभ उठाएं तथा अगले दिन यात्रा के लिए प्रस्थान करें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि पंजीकरण केंद्र पर 20 काउंटर संचालित किए जा रहे हैं, जहां लगातार पंजीकरण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण में कुछ समय लगना स्वाभाविक है, लेकिन प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि नोडल अधिकारी, पर्यटन अधिकारी तथा सिटी मजिस्ट्रेट को भी केंद्र पर नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी समस्या का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं को देखते हुए केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
वहीं, केंद्र पर मौजूद अधिकांश श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया, जबकि कुछ यात्रियों ने पंजीकरण प्रक्रिया में रुकावट, पेयजल, पंखों और शौचालयों की व्यवस्था में और सुधार की आवश्यकता बताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित