हरिद्वार , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 26 समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, जलभराव एवं पेयजल जैसी विभिन्न समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कई फरियादियों ने व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मुद्दों को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।
शिकायतकर्ता गुलफाम ने अपनी पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की मांग रखी, वहीं शिवदासपुर निवासी पोपीन ने सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए नाले पर रोड क्रॉसिंग पाइप डालने की मांग की। इसी प्रकार खेड़ी शिकोहपुर निवासी इस्लाम ने भूमि संबंधी विवाद, रति राम ने पारिवारिक उत्पीड़न, शैलेन्द्र कुमार ने पानी के नए कनेक्शन तथा सराय गांव के ग्रामीणों ने चकरोड खुलवाने की समस्या उठाई। कनखल निवासी ललित राजपूत ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की।
इसके अलावा जिले की 25 ग्राम पंचायतों में बनाए गए मिनी सचिवालयों के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई गईं। ग्राम केहड़ा में तालाब के जलभराव से घरों में पानी घुसने, रघुनाथपुर में पानी की टंकी में लीकेज, जस्सावाला में पानी की आपूर्ति में कमी तथा विद्युत पोल की कमी जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां समन्वय के साथ मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि एल-1 स्तर पर 421 तथा एल-2 स्तर पर 110 शिकायतें लंबित हैं, जिनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर समस्याओं का समाधान किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित