हरिद्वार , मार्च 12 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में 2027 में होने वाले कुम्भ मेला का आयोजन सुचारु रुप से करने के लिए मेला प्रशासन ने सड़क और रेल यातायात से जुड़ी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को मेला अधिकारी सोनिका ने कुम्भ मेला नियंत्रण भवन, हर की पैड़ी में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुम्भ क्षेत्र की सड़कों, चौराहों और रेलवे स्टेशनों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य, सड़क चौड़ीकरण, मरम्मत तथा यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। मेला अधिकारी ने निर्देश दिए कि कुम्भ क्षेत्र से जुड़े सभी मार्गों के निर्माण और सुधार कार्य तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि कुम्भ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। ऐसे में राजमार्गों की बेहतर स्थिति, सुचारु यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी सड़कों पर ब्लैक टॉप कराने, मार्गों के सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और प्रमुख चौराहों के सुधार के निर्देश दिए। साथ ही मार्गदर्शन के लिए स्पष्ट सूचना बोर्ड, साइनेज और सड़क सुरक्षा से जुड़े संकेत लगाने पर भी जोर दिया।

मेला अधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग और हरिद्वार रिंग रोड से जुड़े कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण मार्गों पर कार्य तेजी से पूरा होना जरूरी है, क्योंकि कुम्भ मेले के दौरान यातायात प्रबंधन काफी हद तक इन मार्गों पर निर्भर करेगा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में मोतीचूर क्षेत्र के पुराने मार्ग के उपयोग की संभावना पर भी चर्चा हुई। मेला अधिकारी ने संबंधित विभागों को मार्ग की स्थिति का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने और वहां स्थित पुराने पुल की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इसे वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।

रेलवे व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मेला अधिकारी ने हरिद्वार, मोतीचूर और ज्वालापुर सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हरिद्वार रेलवे स्टेशन से हिल बाईपास की ओर संभावित निकास मार्ग की संभावना तलाशने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एसपी जीआरपी अरुणा भारती, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती सहित प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कुछ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित