हरिद्वार , मई, 11 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 को लेकर रेलवे और मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में मेला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें भीड़ प्रबंधन, रेल संचालन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में तय किया गया कि हरिद्वार सहित आसपास के रेलवे स्टेशनों पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए एआई आधारित कैमरे और आधुनिक निगरानी प्रणाली लागू की जाएगी। रेलवे और मेला प्रशासन की संयुक्त टीमें सभी प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगी। इसी रिपोर्ट और पूर्व कुंभ मेलों के अनुभवों के आधार पर संयुक्त कार्ययोजना लागू की जाएगी।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि हरिद्वार कुंभ का आयोजन शहर के केंद्र में होने के कारण यहां भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन अन्य स्थानों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहता है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वित रणनीति के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, बफर जोन और वैकल्पिक निकास मार्ग विकसित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि एआई कैमरों और आधुनिक तकनीक के जरिए श्रद्धालुओं की संख्या का सटीक आकलन कर भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। रेलवे की विशेष ट्रेनों और भीड़ प्रबंधन योजना को मेला प्रशासन की ट्रैफिक व्यवस्था के साथ तालमेल में संचालित किया जाएगा।

बैठक में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने कहा कि रेलवे कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के लिए रेलवे ने अलग से मेला अधिकारी (रेलवे) नियुक्त किया है और मेला नियंत्रण कक्ष में भी रेलवे की समन्वय डेस्क स्थापित की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार और आसपास के कुल 11 रेलवे स्टेशनों को कुंभ मेला योजना में शामिल किया गया है। सामान्य दिनों में संचालित होने वाली 33 जोड़ी ट्रेनों के अतिरिक्त प्रमुख स्नान पर्वों पर करीब 15 विशेष ट्रेनों के संचालन की प्रारंभिक योजना तैयार की गई है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर एक स्थायी सहित कुल पांच होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जिनकी कुल क्षमता लगभग 19 हजार श्रद्धालुओं की होगी।

बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, महानिरीक्ष (आईजी) कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुंभ आयुष अग्रवाल, अतिरिक्त मंडल रेलवे प्रबंधक (एडीआरएम) प्रेम शंकर झा, रेलवे मेला अधिकारी चेतन तनेजा, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी जीआरपी अरुणा भारती समेत रेलवे, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित