हरिद्वार , मई 13 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने सभी विभागों को निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। बुधवार को मेला नियंत्रण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में मेला अधिकारी सोनिका ने कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कुंभ मेला से संबंधित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ सड़कों, पुलों, घाटों, जलापूर्ति योजनाओं, विद्युतीकरण, आंतरिक मार्गों और चौराहों के सुधार कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महाआयोजन है, इसलिए सभी विभाग युद्धस्तर पर कार्य करते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि जो प्रस्तावित कार्य वर्षाकाल या अन्य अपरिहार्य कारणों से निर्धारित समय में पूरे होना संभव नहीं हैं, उन्हें विभाग तत्काल वापस लें, ताकि महत्वपूर्ण योजनाओं पर संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा सके। साथ ही उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए कम प्रगति वाले विभागों को चेतावनी भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित