हरिद्वार , मई, 08 -- कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड में हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को मनसा देवी मंदिर परिसर, मंदिर के पैदल मार्ग तथा हरकीपैड़ी से लालतारौ पुल तक संचालित गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों के साथ सौंदर्यीकरण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ संपादित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर शहर की आधारभूत संरचनाओं को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पैदल मार्गों तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से सुदृढ़ की जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित