भगवानपुर/हरिद्वार , फरवरी 20 -- उत्तराखंड पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान के तहत शुक्रवार को थाना भगवानपुर क्षेत्र में व्यापक किरायेदार एवं श्रमिक सत्यापन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 1,60,000 का जुर्माना लगाया, जबकि 115 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर के नेतृत्व में चौकी मंडावर क्षेत्र में की गई। अभियान के तहत घरेलू किरायेदारों, नौकरों, फड़-फेरी करने वालों तथा विभिन्न संस्थानों में कार्यरत मजदूरों के दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान 16 मकान मालिक ऐसे पाए गए जिन्होंने अपने किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। इस पर पुलिस ने 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए कुल 1.60 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और कर्मचारियों का समय पर सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित