हरिद्वार , अक्टूबर, 03 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में अवैध पशु कटान और पशु क्रूरता के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस और गौवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस और कटान उपकरण बरामद किए हैं। मौके पर दो व्यक्ति कथित रूप से बिना लाइसेंस पशु कटान करते पाए गए, जो पुलिस को देखकर मांस छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए बताया कि दो अक्टूबर को संयुक्त टीम कलियर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान इमाम साहब की दरगाह के निकट एक घेर में दो व्यक्ति कथित रूप से अवैध पशु कटान करते मिले। पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान करीब 230 किलो भैंसवंशीय पशु मांस के साथ एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक सुवा बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों फरार आरोपितों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित