हरिद्वार , मार्च 27 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध सिलेंडरों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक, जावेद, भीड़भाड़ वाले इलाके में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और कारोबार कर रहा था।

पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि रावली महदूद क्षेत्र में बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में सिलेंडर बरामद किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह का अवैध भंडारण किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाया गया और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच गैस की संभावित कमी का फायदा उठाकर आरोपी मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित