देहरादून , अक्तूबर 01 -- धर्मनगरी और उत्तराखंड के हरिद्वार में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी प्रदान की गई है। जिसमें प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। यह मेडिकल कॉलेज हरिद्वार स्थित मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे का उपयोग करते हुए प्रारंभ किया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हरिद्वार मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में आयोजित कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में प्रदान की गई है। इसके तहत मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी प्रदान किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित