हरिद्वार , अप्रैल 27 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के निर्मला छावनी क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद एक युवक की जान ले बैठा। सिर पर ईंट लगने से गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान एम्स ऋषिकेश में दम तोड़ दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 अप्रैल की रात दीपक सक्सेना और उसके पड़ोसी सौरभ कौरी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर गाली-गलौज शुरू हो गई, इसी दौरान आरोपी सौरभ ने पास पड़ी ईंट उठाकर दीपक के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दीपक को तुरंत एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को हिलवाई पास रोड के जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने गुस्से में ईंट से हमला करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित