हरिद्वार , फरवरी 15 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद के थाना सिडकुल क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को जांच अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को अवैध दो नाली बंदूक एवं 12 बोर के तीन जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना सिडकुल क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम गश्त करते हुए पतंजलि विश्वविद्यालय हरिद्वार से आगे जंगल की ओर पहुंची, जहां एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास अवैध दो नाली बंदूक और तीन जिंदा कारतूस मिले। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनजीत सिंह पुत्र आलम सिंह, निवासी टीरा टोंगिया, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में अवैध हथियारों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित