हरिद्वार , अप्रैल 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम हरिद्वार ने शनिवार को वार्ड संख्या 60 के हरिलोक क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों एवं नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशन में नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि हरिलोक स्थित सब्जी मंडी के आसपास सार्वजनिक सड़क पर लंबे समय से ठेली-फेरी लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा था, जिससे आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सख्त रुख अपनाया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
अभियान के दौरान करीब 50 ठेली एवं फेरी संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 ठेलियों को जब्त भी किया गया। इस दौरान निगम और पुलिस टीम ने मौके पर मुनादी कराकर सभी ठेली-फेरी वालों को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम की प्राथमिकता शहर में सुगम यातायात, स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखना है।
इस अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील कुमार, अतिक्रमण प्रभारी आदित्य तेजेश्वर सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित