हरिद्वार , मई, 30 -- उत्तराखड हरिद्वार में लगातार हो रही भारी वर्षा और ओलावृष्टि के कारण माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा को देखते हुए श्रद्धालुओं के दर्शन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। मंदिर प्रबंधन समिति ने 29 मई से 31 मई 2026 तक मंदिर में दर्शन एवं भ्रमण पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने शनिवार को बताया कि जिलाधिकारी सहारनपुर से प्राप्त सूचना के अनुसार मंदिर एवं आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा और ओलावृष्टि के चलते अचानक जलप्रवाह बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए भी भारी वर्षा और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन तथा अचानक जलस्तर बढ़ने से दुर्घटनाओं और जनहानि की आशंका बनी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर को अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि वे 31 मई तक माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर की यात्रा से बचें तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का भी आग्रह किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित