हरिद्वार , फरवरी 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने जवानों के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस का संदेश दिया।
उन्होंने जवानों को नियमित शारीरिक अभ्यास करने के लिए प्रेरित करते हुए अनुशासन, शस्त्र संचालन और मैन्युअल ड्रिल का गहन निरीक्षण भी किया और इस दौरान मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर सुधार के निर्देश दिए गए। परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का भौतिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस लाइन पूरे जनपद की पुलिस व्यवस्था का केंद्र है, इसलिए यहां की सभी व्यवस्थाएं 24 घंटे दुरुस्त और अद्यतन रहनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के बाद एसएसपी कर्मचारियों के भोजनालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ भोजन किया। प्रतिसार निरीक्षक को निर्देश दिए गए कि कर्मचारियों को प्रतिदिन पौष्टिक एवं समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे समय से अपनी ड्यूटी निभा सकें।
इस मौके पर अधिकारियों और जवानों में उत्साह देखने को मिला तथा बेहतर व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित