हरिद्वार , अक्टूबर, 24 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2026 के तहत बहादराबाद पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 93 नशीले इंजेक्शन और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड के निर्देशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को बहादराबाद पुलिस की टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान भारापुर भौरी से सहदेवपुर जाने वाले मार्ग के तिराहे पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। उनके कब्जे से 93 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने एक बुलेट भी कब्जे में ली।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नसीम पुत्र मुनफैद, निवासी ग्राम लंढौरा, थाना मंगलौर, हरिद्वार और तन्मय ध्यानी पुत्र शशि मोहन ध्यानी, निवासी रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि आर्थिक स्थिति ठीक न होने और स्वयं नशे के आदी होने के कारण वे शाह नामक व्यक्ति से नशीले इंजेक्शन खरीदते थे।

बहादराबाद कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशीले इंजेक्शनों और कैप्सूल के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित