हरिद्वार , अगस्त 02 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चलाये जा रहे अभियान के तहत रविवार को बुग्गावाला क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब आठ लाख रुपये मूल्य की 32.60 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान प्रहार एवं नशा मुक्ति अभियान के तहत थाना बुग्गावाला पुलिस ने ग्राम सावनशेर के समीप चेकिंग अभियान के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 32.60 ग्राम अवैध स्मैक बरामद होने पर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहबान पुत्र कुर्बान एवं नदीम पुत्र कबीर, दोनों निवासी ग्राम सिकरोड़ा, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल (पंजीकरण संख्या यूके 17टी-8746) भी बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ बड़े ड्रग्स पैडलरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस ने इन सूचनाओं के आधार पर अलग टीम गठित कर अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित