हरिद्वार , जुलाई 19 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस ने सावन माह में जनसेवा का एक और उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 205 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे। करीब 46 लाख रुपये से अधिक कीमत के इन मोबाइल फोन को थाना सिडकुल पुलिस ने विभिन्न राज्यों से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और मेहनत की सराहना करते हुए खुशी जाहिर की।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए गए मोबाइल रिकवरी अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस किए। रविवार को थाना सिडकुल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ मोबाइल उनके स्वामियों को सौंपे।

इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि आज के दौर में मोबाइल फोन प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इससे जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित