हरिद्वार , जनवरी 27 -- हरिद्वार पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर पूरे शहर में बड़ा जागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी हरिद्वार के कुशल निर्देशन में यातायात पुलिस ने हर की पैड़ी, सुभाष घाट, भीमगोडा बैरियर, सीसीआर मार्ग, पंतद्वीप पार्किंग (प्रवेश और निकासी द्वार), पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग और रोड़ी बेलवाला पार्किंग जैसे व्यस्ततम क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से सड़क सुरक्षा संदेश पहुंचाया।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों और पर्यटकों में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता पैदा करना था। अभियान के दौरान पुलिस ने हेलमेट, सीटबेल्ट और लेन ड्राइविंग के महत्व पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही आम लोगों को प्रेरक स्लोगन और नारे सुनाकर सुरक्षा का संदेश प्रभावशाली ढंग से पहुंचाया गया।
स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। कई लोग इस पहल को समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसे "सुरक्षा और जिम्मेदारी का प्रतीक" करार दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह अभियान लोगों को जागरूक करने और दुर्घटनाओं को रोकने में सहायक होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित