हरिद्वार , जुलाई, 09 -- लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को उत्तराखंड में हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैंडीखाता क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने स्थित एक पुलिया का हिस्सा अचानक धंस गया। घटना के समय पुलिया से गुजर रही उत्तराखंड रोडवेज की एक बस धंसे हुए हिस्से में फंस गई, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान बस के टायर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा बस को हटाकर यातायात सुचारु कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित