हरिद्वार , जुलाई 29 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। युवाओं को नशे की लत लगाकर अवैध कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली लक्सर पुलिस ने बुधवार को 100 नशीले कैप्सूल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में जिले भर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत लक्सर पुलिस लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रख रही है। इसी कड़ी में आज एक पुलिस टीम ने सुल्तानपुर क्षेत्र में जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल एवं एसिटामिनोफेन के कुल 100 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्तियाज उर्फ छोटा (21 वर्ष), पुत्र तासीन, निवासी अंसारी कोठी के पास, सुल्तानपुर, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित