हरिद्वार , अप्रैल 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से संचालित "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत शनिवार को रानीपुर पुलिस ने चार उपद्रवियों को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर लड़ाई-झगड़ा और शांति भंग करने वाले चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने बताया कि ग्राम गढ़मीरपुर में आपसी विवाद के दौरान मारपीट कर रहे राहुल कुमार (20 वर्ष) और अंकित कुमार (25 वर्ष) को पुलिस ने मौके से पकड़ा। वहीं टिबड़ी कॉलोनी में अपनी बहन के साथ मारपीट कर रहे अन्तरिक्ष (24 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। इसके अतिरिक्त अशोक वाटिका कॉलोनी में मकान मालिक के साथ झगड़ा करने पर आशीष टंडन (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में आपसी संवाद से समाधान निकालें तथा कानून को अपने हाथ में लेने से बचें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित