हरिद्वार, अप्रैल 26 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के देहात क्षेत्रों में इन दिनों जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है।
पहले गुलदार की लगातार दिख रही मौजूदगी से लोग भयभीत थे, वहीं अब जंगली हाथियों की धमक ने हालात को और अधिक गंभीर बना दिया है।
ताजा मामला बहादराबाद क्षेत्र के भौंरी गांव का है, जहां देर रात जंगली हाथियों के एक झुंड के पहुंचने से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी। ग्रामीणों के अनुसार देर रात खेतों की ओर से तेज आवाजें सुनाई दीं। बाहर निकलकर देखने पर एक हाथी गांव के समीप जंगल में घूमता नजर आया।
हाथी ने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को रौंदते हुए भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग पूरी रात घरों में दुबके रहने को मजबूर रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली जानवरों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। पहले गुलदार की दहशत थी, अब हाथियों की मौजूदगी ने खतरे को और बढ़ा दिया है। बच्चों और बुजुर्गों को घर से बाहर निकलने में भी डर लग रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित