हरिद्वार , फरवरी 11 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के गंगनहर में बुधवार को आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला (निवासी बनारस) डूबकर लापता हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष अपने दोस्तों के साथ नगर निगम पुल के पास गंगनहर किनारे घूमने आए थे। इसी दौरान वह नहर के समीप पहुंचे, तभी अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव में जा गिरे और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई मनोज गैरोला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाई। छात्र की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों को बुलाया गया, जो देर शाम तक नहर में सर्च अभियान चलाते रहे। लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और तलाश अभियान जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित