दावोस/रांची , जनवरी 20 -- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में इंडिया पेवेलियन के उद्घाटन समारोह में भाग लिया।
इस अवसर पर भारत सरकार और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। श्री सोरेन ने कहा कि झारखण्ड पहली बार इस प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर भाग ले रहा है, जो राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा झारखण्ड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और हरित ऊर्जा सहित कई विकास क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
श्री सोरेन ने "विकसित भारत 2047" और "समृद्ध झारखण्ड 2050" के लक्ष्य को दोहराते हुए विश्वास व्यक्त किया कि दावोस में वैश्विक नेताओं, देशों और कंपनियों के साथ हुई सार्थक चर्चाएं राज्य के विकास और निवेश प्रयासों को नई गति प्रदान करेंगी। श्री सोरेन ने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और झारखण्ड की ओर से शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित