शिवपुरी , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र स्थित हरसी बांध में आज एक तेंदुए का शव पानी में तैरता हुआ मिला। वन विभाग ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत डूबने से नहीं होने और उसके शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिलने की बात सामने आई है।

वन मंडल अधिकारी सुधांशु यादव ने बताया कि तेंदुए का शव लगभग दो दिन पुराना था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसकी मृत्यु डूबने से नहीं हुई। साथ ही शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी घाव या चोट के निशान भी नहीं पाए गए।

उन्होंने बताया कि तेंदुआ उम्र के लिहाज से अपनी प्राकृतिक आयु पूरी कर चुका था। संभावना है कि उसकी मृत्यु किसी बरसाती जंगली नाले के किनारे हुई हो और बाद में तेज बारिश के कारण शव पानी के बहाव में बहकर हरसी बांध तक पहुंच गया हो।

श्री यादव ने बताया कि हरसी बांध शिवपुरी और ग्वालियर जिलों की सीमा पर स्थित है, लेकिन जहां तेंदुए का शव मिला वह क्षेत्र शिवपुरी जिले की सीमा में आता है। इसलिए शिवपुरी वन विभाग द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित