लखनऊ , जुलाई 7 -- हरविलास बाल एवं महिला चिकित्सालय, चारबाग की स्वर्ण जयंती के अवसर पर मंगलवार से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। अस्पताल की 50 वर्षों की गौरवशाली सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में 7 जुलाई से 14 जुलाई तक विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों को नि:शुल्क परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।

हरविलास बाल एवं महिला चिकित्सालय की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चंद्रभानु गुप्ता ने 14 जुलाई 1976 को अपने 75वें जन्मदिवस पर बच्चों के लिए समर्पित एक विशिष्ट अस्पताल के रूप में कराई थी। मोतीलाल मेमोरियल सोसायटी द्वारा संचालित यह चिकित्सालय पिछले पांच दशकों से समाजसेवा और बाल स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है तथा शहर के कई प्रतिष्ठित बाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञों की कर्मस्थली भी रहा है।

स्वर्ण जयंती समारोह के तहत आयोजित साप्ताहिक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अजय शंकर राय ने किया। इस दौरान स्व. चंद्रभानु गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन भी किया गया।

कार्यक्रम में मोतीलाल मेमोरियल सोसायटी के उपाध्यक्ष रलेश गुप्ता, महामंत्री राजेश सिंह, संयुक्त मंत्री प्रताप सिंह, संस्थापक सदस्य गणेश चंद्र मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हर्ष अग्निहोत्री, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रंजना खरे, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.के. श्रीवास्तव तथा डेंटिस्ट डॉ. प्रमोद त्रिपाठी सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।

शिविर के पहले दिन लड़कियों एवं महिलाओं को विशेष स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। डाइटीशियन आकांक्षा मिश्रा ने आहार संबंधी सलाह दी, जबकि मरीजों के वजन, लंबाई, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन और ब्लड शुगर की नि:शुल्क जांच की गई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार पहले दिन लगभग 70 मरीजों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित