जीरकपुर/बलटाना , मई 20 -- पंजाब के जीरकपुर के हरमिलाप नगर और बलटाना रेलवे फाटक पर लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी जाम की समस्या के समाधान की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। राज्य के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया तथा केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने हरमिलाप नगर रेलवे अंडरपास निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।

करीब आठ वर्षों से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम, लंबे इंतजार और लोगों की परेशानियों को लेकर संयुक्त कार्रवाई समिति बलटाना लगातार आवाज उठाती रही। समिति के प्रधान प्रताप सिंह राणा ने इस मुद्दे को लेकर कई बार गांधीवादी तरीके से आमरण अनशन भी किया था।

रेलवे की ओर से हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण के लिए लगभग 12.86 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई है। वहीं चंडीगढ़ प्रशासन ने परियोजना के लिए पांच कनाल नौ मरला भूमि उपलब्ध करवाई है। शिलान्यास के साथ ही निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू हो गया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल कटारिया ने कहा कि लोगों का वर्षों पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है और करीब एक वर्ष में अंडरपास निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं रेल राज्यमंत्री बिट्टू ने कहा कि इस परियोजना से लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर डेराबस्सी हलके के भाजपा नेता, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लोगों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम कदम बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित