चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह द्वारा राजस्थान के एक वीडियो को कथित तौर पर राज्य से जोड़कर साझा किये जाने पर निराशा व्यक्त की और आरोप लगाया कि इससे पंजाब तथा उसके युवाओं की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

श्री चीमा ने मंगलवार को कहा कि श्री सिंह को पंजाब के हितों का प्रतिनिधित्व करने और राज्य के युवाओं के लिए काम करने के उद्देश्य से राज्यसभा भेजा गया था, लेकिन अब वह भाजपा के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री सिंह को अपने मंच का इस्तेमाल पंजाब के युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करने और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए करना चाहिए, न कि ऐसा भ्रामक कंटेंट साझा करने के लिए जिससे पंजाब की छवि को नुकसान पहुंचे।

श्री सिंह द्वारा साझा किये गये वीडियो का हवाला देते हुए श्री चीमा ने कहा कि पंजाब पुलिस की जांच में पता चला है कि वीडियो पंजाब का नहीं बल्कि भाजपा शासित राजस्थान के श्रीगंगानगर का है और इसका पंजाब से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि तथ्यों की पुष्टि किये बिना भाजपा की आईटी मशीनरी दूसरे राज्यों के वीडियो उठाकर उन्हें पंजाब की घटनाओं के रूप में पेश कर रही है, ताकि राज्य और उसके युवाओं को बदनाम किया जा सके।

श्री चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान शुरू किया है और सरकार नशे की समस्या को खत्म करने तथा युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झूठे प्रचार के माध्यम से इस अभियान की उपलब्धियों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

श्री चीमा ने पंजाब में भाजपा के पिछले शासन के रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 2007 से 2017 के बीच अकाली-भाजपा सरकार के 10 साल के कार्यकाल में नशे की समस्या बढ़ी। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान 'चिट्टा' और 'स्मैक' जैसे शब्द पंजाब के साथ बड़े पैमाने पर जुड़ गये और अनेक युवाओं का जीवन नशे की गिरफ्त में आकर प्रभावित हुआ।

पंजाब सरकार द्वारा खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का दावा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक विकल्प देने के लिए राज्य में 3,000 से अधिक खेल स्टेडियम बनाए जा चुके हैं, जबकि 6,000 और स्टेडियम तैयार किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों में निवेश इसलिए कर रही है ताकि पंजाब के युवा नशे से दूर रहें और स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की ओर बढ़ें।

श्री चीमा ने कहा कि पंजाब के युवा और किसान भाजपा के कथित प्रचार से गुमराह नहीं होंगे। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग सरकार के जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों और सोशल मीडिया के माध्यम से राज्य को बदनाम करने के कथित प्रयासों के बीच अंतर समझते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित