चंडीगढ़ , फरवरी 09 -- पंजाब के मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर दिए गए कांग्रेस नेताओं के बयानों के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप)के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चंडीगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा के आवास का घेराव करने के लिए बैंड-बाजा बजाते हुए आगे बढ़े, जिससे शहर में राजनीतिक तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे। सेक्टर-4 स्थित एमएलए हॉस्टल के बाहर भारी बैरिकेडिंग की गई और वाटर कैनन तैनात किए गए। इसके बावजूद कार्यकर्ता बाजवा के आवास की ओर बढ़ते रहे। जैसे ही प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने लगे, पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हो गया।

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का प्रयोग किया। तेज पानी की बौछारों के कारण कई कार्यकर्ताओं की पगड़ियां उतर गईं, वहीं अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान पुलिस ने कई वरिष्ठ आज नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित