हरदोई , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सिंचाई विभाग के एक प्रशासनिक अधिकारी के घर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपये नकद, लगभग 400 ग्राम सोने और करीब 2 किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर निवासी सुनील जौहरी सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। अधिकारी परिवार सहित 17 फरवरी को शाहजहांपुर गए हुए थे। घर पर ताला बंद था। उसी रात ताला तोड़कर चोरी की गई। 18 फरवरी को पड़ोसियों की सूचना पर जब परिवार लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला।
पीड़ित की तहरीर के मुताबिक चोर 35 चांदी के सिक्के, लगभग 2 किलो चांदी के जेवर, सोने के तीन हार, छह अंगूठियां, तीन झुमकियां, चार जोड़ी कंगन (कुल लगभग 400 ग्राम सोना) और हाल ही में बेटी की शादी से जुड़े करीब 5 लाख रुपये नकद ले गए। उल्लेखनीय है कि 12 फरवरी को ही घर में शादी हुई थी।
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित