हरदोई , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के सुरसा क्षेत्र में शनिवार सुबह डंपर की चपेट में आने से भाई बहन समेत तीन लोगों की मृत्यु हाे गयी।
पुलिस ने बताया कि सुरसा थाने के अंतर्गत हरदोई बिलग्राम रोड पर डोलिया तिराहे पर सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार भाई-बहन और उनकी मौसी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृतकों की पहचान आदर्श अवस्थी (20) निवासी फतियापुर, उनकी बहन मधु अवस्थी (22) तथा मौसी कामिनी पांडेय (42) निवासी बावन चुंगी के रूप में हुई है।
बताया गया कि आदर्श अपनी बहन मधु को हरदोई छोड़ने आ रहा था। मधु को सीटेट परीक्षा देनी थी और वह अपनी मौसी कामिनी पांडेय के साथ जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डोलिया तिराहे पर सामने से आ रहे डंपर ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनो को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया जहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एक दिन पहले ही आदर्श के भाई प्रशांत का तिलक समारोह संपन्न हुआ था, जिसमें शामिल होने के लिए रिश्तेदार और परिचित घर आए हुए थे। उसी में शामिल होने उसकी मौसी भी आई हुई थी। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश तेज़ कर दी है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित